गया में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से 5 किलो का आईईडी बरामद

सतर्कता से टला बड़ा हादसा, सुरक्षाबलों ने नाकाम की नक्सलियों की साजिश

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगल क्षेत्र से जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया एक शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया गया, जिसे बाद में बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।


संयुक्त सर्च अभियान में मिली सफलता
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह सीआरपीएफ की 215वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त “SADO” अभियान चलाया गया। यह अभियान कैंप नागोबार से महादेव स्थान होते हुए असुरैन डैम क्षेत्र के बसरदाहा पहाड़ी इलाके तक संचालित किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान पर गतिविधि का संकेत मिला। डीएसएमडी (डिटेक्शन उपकरण) से बीप की आवाज आने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की खुदाई शुरू की।
जमीन के नीचे छिपा था विस्फोटक
खुदाई के दौरान जमीन के भीतर दबाकर रखा गया लगभग 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर और कमांड मैकेनिज्म आधारित आईईडी बरामद किया गया। बरामदगी के तुरंत बाद सीआरपीएफ की बम निरोधक टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे संभावित खतरे को टाल दिया गया।
सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की आशंका
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और बड़े नुकसान की मंशा से इस आईईडी को जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा था। हालांकि, समय रहते इसकी बरामदगी से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल आसपास के इलाकों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते समाप्त किया जा सके। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और आईईडी लगाने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article