NEWS PR डेस्क: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के सीवान दौरे ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। लालू यादव ने दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ओसामा शहाब, हीना शहाब और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की। मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लालू यादव ओसामा शहाब के बेटे के साथ दुलार करते और खेलते नजर आ रहे हैं।
लालू यादव के पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ओसामा शहाब अपने बेटे को गोद में लेकर मौजूद थे, जबकि सामने सोफे पर लालू प्रसाद बैठे दिखाई दिए। लालू यादव ने बच्चे से बातचीत की और उसके साथ कुछ समय बिताया। हीना शहाब से भी उनकी मुलाकात हुई। पूरे दौरान माहौल खुशनुमा नजर आया। मौके पर RJD कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ भी जुटी रही।
शहाबुद्दीन परिवार से मुलाकात के क्या हैं सियासी मायने?
लालू यादव और शहाबुद्दीन परिवार की इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। इसकी वजह दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ वर्षों में सामने आई तल्खी है। दरअसल, कोरोना काल में मोहम्मद शहाबुद्दीन के निधन के समय लालू परिवार का कोई सदस्य सीवान नहीं पहुंचा था। इस बात को लेकर शहाबुद्दीन के समर्थकों में नाराजगी देखी गई थी।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में सीवान सीट से शहाबुद्दीन परिवार को टिकट नहीं देकर अवध बिहारी चौधरी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच दूरियां और बढ़ने की चर्चा हुई थी। ऐसे में लालू यादव का ओसामा शहाब और हीना शहाब से मिलना राजनीतिक गलियारों में खास चर्चा का विषय बन गया है।
कोर्ट में पेशी के लिए सीवान पहुंचे थे लालू यादव
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव सीवान जिले के एसीजेएम प्रथम न्यायालय में पेश होने पहुंचे थे। मामला आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा हुआ था। अदालत में उनके खिलाफ आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान न्यायालय की कार्यवाही करीब पांच मिनट तक चली। लालू यादव की ओर से उनके अधिवक्ता कामेश्वर तिवारी ने पक्ष रखा।
अवध बिहारी चौधरी से भी की मुलाकात
सीवान दौरे के दौरान लालू यादव ने RJD के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से भी मुलाकात की। वह उनके आवास पर पहुंचे और उनसे बातचीत की। एक ही दौरे में शहाबुद्दीन परिवार और अवध बिहारी चौधरी से लालू यादव की मुलाकात को लेकर अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। खासकर शहाबुद्दीन परिवार के साथ लंबे समय से चर्चा में रहे रिश्तों के बीच इस मुलाकात को महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।