NEWS PR डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले के आरा में चर्चित राम कुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भोजपुर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य शूटर बताए जा रहे पवन समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल हथियार, 7.65 एमएम के चार मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। भोजपुर एसपी ने प्रेसवार्ता कर पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की हैं।
दरअसल, राम कुमार सिंह हत्याकांड के बाद से ही भोजपुर पुलिस लगातार इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल कुछ आरोपी अपने ठिकानों पर छिपे हुए हैं, जबकि कुछ फरार होने की कोशिश में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में चंदन सिंह, अभिषेक, टीपू, मनोज लकी और पिंटू सिंह समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। वहीं, पुलिस ने पवन को गिरफ्तार किया है, जिसे इस हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा है।
हथियार और बाइक बरामद,
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हत्याकांड को अंजाम देने के लिए हथियारों की व्यवस्था करने, उन्हें छिपाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में कई लोगों की भूमिका हो सकती है। पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.65 एमएम के चार मैगजीन और घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
आगे भी होगी गिरफ्तारी,
भोजपुर पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल राम कुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;-