NEWS PR डेस्क: आरा/पटना, 23 जून। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में भोजपुर जिले के गड़हनी अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र कुमार, राजस्व कर्मचारी, अंचल कार्यालय गड़हनी, जिला भोजपुर को अंचल कार्यालय परिसर से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या-074/26 के तहत की गई।
दाखिल-खारिज के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एड़ौरा गांव निवासी रामदेव राम ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के कार्य को पूरा करने के बदले राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी कर्मचारी वास्तव में रिश्वत की मांग कर रहा था।
टीम गठित कर बिछाया गया जाल
आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में विशेष धावा दल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
विशेष अदालत में किया जाएगा पेश
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
निगरानी ब्यूरो की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है। हाल के दिनों में बिहार में रिश्वतखोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई हो रही है, जिससे सरकारी कर्मियों के बीच सख्त संदेश गया है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
