NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण एवं गौ माता से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए व्रत रखकर बजरी खिलाने की परंपरा निभाई।
तस्वीरें बगहा बाजार के वार्ड नंबर 23 स्थित बुधवारी मोहल्ले की हैं, जहां स्थानीय पार्षद मीरा देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा की। दीपावली के अगले दिन मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तिथि और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार कुछ महिलाओं ने मंगलवार, जबकि अन्य ने बुधवार को पूजा-अर्चना की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकर्षक आकृति बनाई। इसके बाद विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता की पूजा की गई। भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। महिलाओं ने परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस मौके पर भाई-बहन के प्रेम और विश्वास से जुड़ी परंपरा भी निभाई गई। बहनों ने भाइयों को बजरी खिलाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया।
गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस पौराणिक कथा से जुड़ी है, जब उन्होंने इंद्र के अहंकार को समाप्त करने और गोकुलवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। यह पर्व प्रकृति संरक्षण, गौ सेवा और अन्न के सम्मान का संदेश देता है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट