मुजफ्फरपुर में छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM-SSP ने घाटों का किया निरीक्षण; सुरक्षा और सुविधाओं पर सख्त निर्देश !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : छठ महापर्व को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी, एसएसपी और नगर आयुक्त ने वरीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

तस्वीरें मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, आश्रम घाट और साहू पोखर घाट सहित अन्य छठ घाटों की हैं, जहां अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए बेहतर प्रबंधन, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सुचारू यातायात संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील घाटों पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को भी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान अधिकारियों ने महापौर, पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की लोगों से सुझाव और फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम पूरा करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान सभी घाटों पर सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनारहित माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

मुजफ्फरपुर से रुपेश कुमार की रिपोर्ट ;

Share This Article