NEWS PR डेस्क:नई दिल्ली: महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को अब दूध के लिए भी ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने बढ़ती लागत और किसानों से दूध की खरीद कीमतों में इजाफे को इस फैसले की वजह बताया है। कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
सूत्रों के मुताबिक, मदर डेयरी ने अपने खुले दूध और पैकेट वाले दूध की अलग-अलग किस्मों की कीमतों में संशोधन किया है। कंपनी ने कुछ वैरायटी पर 2 रुपये, जबकि कुछ पर 3 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।
अब किस दूध के लिए कितने पैसे चुकाने होंगे?
मदर डेयरी की नई दरों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध के एक लीटर पाउच की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये हो जाएगी। इसी तरह टोंड दूध (पाउच) अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। जबकि गाय के दूध के लिए अब उपभोक्ताओं को 62 रुपये की जगह 65 रुपये प्रति लीटर खर्च करने होंगे।
किसानों से महंगी खरीद के कारण बढ़े दाम
सूत्रों के अनुसार, किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कंपनी की लागत बढ़ गई है। इसी अतिरिक्त खर्च का कुछ बोझ अब उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है। हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
दिल्ली-NCR में रोजाना 35 लाख लीटर दूध की बिक्री
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है। वहीं, पूरे देश में कंपनी की कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। ऐसे में कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है। गौरतलब है कि मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने अप्रैल 2025 में भी कीमतों में संशोधन किया था।
20,300 करोड़ रुपये तक पहुंचा कंपनी का कारोबार
मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपने कारोबार में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। कंपनी का कारोबार बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये हो गया था। दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में बढ़ोतरी को इस वृद्धि की प्रमुख वजह बताया गया। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।