NEWS PR डेस्क:किशनगंज। बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोचाधामन थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कार से 2.357 किलोग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि विशेष टीम को मादक पदार्थों की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कोचाधामन क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
कार के सीक्रेट चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी स्मैक
तलाशी के दौरान कार में बने विशेष गुप्त चैंबर से 2.357 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने मौके से कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों की यह खेप पश्चिम बंगाल के मालदा से बिहार के मधेपुरा ले जाई जा रही थी।
मधेपुरा के दो तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान मधेपुरा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल और बिहार में सक्रिय एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। किशनगंज से मसरूर रईस की रिपोर्ट
