NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के रिश्ते और ममता की संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। गोपालपुर गांव में छह माह की मासूम बच्ची की हत्या के आरोप में उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान पूजा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी मां सीमा देवी ने धारदार पहसुल से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे उसके गले पर जख्म के निशान पाए गए।

परिजनों के मुताबिक, घटना गुरुवार देर शाम की है। बताया जाता है कि सीमा देवी ने अपनी सास सरस्वती देवी को पेट दर्द की दवा लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। सास के घर से निकलते ही उसने कथित तौर पर बच्ची की हत्या कर शव को छिपा दिया।
बच्ची का शव बरामद
जब सास घर लौटी तो स्थिति संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान बच्ची का शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया।
सास के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपनी बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सास के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बताया जा रहा है कि सीमा देवी का पति सुनील दास रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि वह अपनी सास के साथ घर पर रहती थी। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आखिर ऐसी भयावह घटना के पीछे क्या कारण थे।
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
