सुपौल में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनपुरा थाना क्षेत्र में कोशी नदी के रास्ते नाव से तस्करी कर लाई जा रही 720 लीटर नेपाली शराब को पुलिस ने बरामद किया है। हालांकि पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन शराब और नाव को जब्त कर लिया गया है।

सुपौल पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रतनपुरा थाना पुलिस को 25 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली कि कोशी नदी के रास्ते नाव के माध्यम से बड़ी मात्रा में नेपाली शराब की खेप लाई जा रही है।

सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कोशी नदी में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।तलाशी के दौरान नदी के बीच एक संदिग्ध नाव को रोका गया। पुलिस की मौजूदगी देखकर नाव पर सवार तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने नाव को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान नाव से 720 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त एक लकड़ी की नाव भी जब्त कर ली।बरामद शराब और नाव को कोशी पूर्वी तटबंध पर लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इस मामले में रतनपुरा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सुपौल से मोहम्मद अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
