NEWS PR डेस्क:गया जिले के बांके बाजार थाना क्षेत्र में कथित अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद एक युवक के खिलाफ गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए दुष्कर्म, POCSO एक्ट और SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांके बाजार निवासी रेहान अंसारी पर आरोप है कि वह नाबालिग एवं महादलित समुदाय की लड़कियों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनका शोषण करता था। आरोप है कि आरोपी स्थानीय स्तर पर मोमोज की दुकान चलाता था, जहां आने-जाने वाली लड़कियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था।
वायरल वीडियो के बाद खुला मामला
स्थानीय लोगों का दावा है कि सोशल मीडिया पर कुछ कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोप है कि आरोपी लड़कियों के साथ संबंध बनाकर उनके वीडियो रिकॉर्ड करता था। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
धार्मिक स्थल के वन क्षेत्र में ले जाने का आरोप
शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी लड़कियों को बांके धाम मंदिर के आसपास स्थित वन क्षेत्र के सुनसान इलाकों में ले जाता था। वहां उनके साथ आपत्तिजनक गतिविधियों को अंजाम देने और वीडियो बनाने की बात कही जा रही है। इन आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले के सामने आने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बांके बाजार थाना पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बांके बाजार थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि एक नाबालिग लड़की के भाई द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दुष्कर्म, POCSO एक्ट, SC/ST एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जांच के बाद सामने आएंगे तथ्य
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
