बिहार में 53 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना; कई अहम पदों पर नई तैनाती

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 01 जुलाई। बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के 53 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रैंक के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

सरकार का यह कदम पुलिस प्रशासन में कार्यों के बेहतर संचालन, जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादले के तहत कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय, आर्थिक अपराध इकाई, विशेष अपराध अनुसंधान विभाग, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार 2010 बैच के अधिकारी लाल बाबू यादव को सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के पद पर पदस्थापित किया गया है। 2011 बैच के अधिकारी पारस नाथ साहू को अपर पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध इकाई, पटना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 2013 बैच के अधिकारी सुमित कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में तैनात किया गया है।

2016 बैच के अधिकारी डॉ. शंकर कुमार झा का तबादला पुलिस उपाधीक्षक, विशेष अपराध अनुसंधान विभाग, पटना के पद पर किया गया है। 2018 बैच के अधिकारी अभिषेक सिंह को पुलिस उपाधीक्षक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-3, बोधगया बनाया गया है। इसी बैच के प्रदीप कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), मुजफ्फरपुर, जबकि गौतम शरण ओमी को पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गृह विभाग ने इन अधिकारियों के अलावा अन्य डीएसपी रैंक के अधिकारियों के तबादले की सूची भी जारी की है। विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करें।

पुलिस महकमे में लगातार हो रहे इन प्रशासनिक बदलावों को राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

Share This Article