सुपौल में जनरेटर के अंदर छिपाकर लाई जा रही 459 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जनरेटर में बने गुप्त तहखाने से 459 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क, सुपौल: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर तस्करी की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में सुपौल के त्रिवेणीगंज में मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। तस्करों ने बोलेरो पिकअप में रखे जनरेटर के अंदर गुप्त तहखाना बनाकर शराब छिपा रखी थी। पुलिस ने 459 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मद्य निषेध अधीक्षक अशोक कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने त्रिवेणीगंज के निपनियां मोड़ स्थित टुनटुन ट्रेडिंग के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
जनरेटर के भीतर बनाया था गुप्त तहखाना
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने देखा कि पिकअप में रखा जनरेटर सामान्य नहीं था। जब उसे खोलकर जांच की गई तो उसके भीतर बनाए गए गुप्त तहखाने से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने जांच से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके से शराब छिपाई थी।
51 कार्टन में 612 बोतल विदेशी शराब बरामद
बरामद शराब में ग्रीन लेबल, बैगपाइपर, व्हाइट मिसचीफ और रॉयल कास्ट जैसे विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं। पुलिस ने कुल 51 कार्टन में 612 बोतलें, यानी 459 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान नीरज कुमार, निवासी धनबाद (झारखंड) और छोटू कुमार, निवासी परसाही (मधेपुरा) के रूप में हुई है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस अभियान में त्रिवेणीगंज मद्य निषेध विभाग की अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी, एएसआई आनंद कुमार पासवान, एएसआई अंजली कुमारी, सब-इंस्पेक्टर विष्णुदेव कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article