NEWS PR डेस्क, गया: अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टॉप-10 सूची में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की पुष्टि बुधवार को मुफस्सिल थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय ने की।

विशेष टीम गठित कर चलाया गया अभियान
वजीरगंज कैम्प डीएसपी सुनील कुमार पाण्डेय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में मुफस्सिल थाना पुलिस, तकनीकी शाखा और अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था। पुलिस लगातार तकनीकी और पारंपरिक दोनों माध्यमों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी अपराधी अमित कुमार बंधुआ गुमटी के पास मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
लूटकांड में था वांछित आरोपी
डीएसपी के अनुसार यह मामला मुफस्सिल थाना कांड संख्या 502/25 से जुड़ा है। 28 मई 2025 को दर्ज इस केस में आरोप है कि ग्रीन फील्ड फोरलेन बाईपास के पास होमगार्ड बहाली में शामिल होने जा रहे युवकों से पिस्टल के बल पर मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट, मोटरसाइकिल और नकदी की लूट की गई थी। जांच के दौरान अमित कुमार की संलिप्तता सामने आने के बाद वह फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की पहचान और आगे की जांच
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा समीर तकिया निवासी अमित कुमार (पिता छोटू राम) के रूप में हुई है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। साथ ही, इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
