NEWS PR डेस्क: पटना,02 जुलाई। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर को लेकर सियासी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। अब इस मामले में भाजपा विद्यायक मैथिली ठाकुर ने भी अपनी राय रखते हुए एनकाउंटर पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने गलत तरीके से कार्रवाई की है तो इसमें शामिल जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान मैथिली ठाकुर ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की तुलना में मजबूत हुई है और अपराधियों में पुलिस कार्रवाई का डर भी दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि अपने क्षेत्र में भी उन्होंने कानून-व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव महसूस किया है और स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय होकर काम कर रही है।
हालांकि, भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि यदि यह एनकाउंटर गलत साबित होता है तो इसे किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता। उनके अनुसार, ऐसे मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कानून पर लोगों का भरोसा बना रहे।

मैथिली ठाकुर ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले का संज्ञान लिया है और उन्हें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून का पालन कराने वाली एजेंसियों को भी कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए।
