NEWS PR डेस्क ;— पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां शटडाउन के बावजूद करंट की चपेट में आया बिजली मिस्त्री, इलाज के दौरान मौत; मुआवजे को लेकर सड़क जाम ,
बैरिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मियापुर पंचायत स्थित तिलंगही नया टोला में बिजली के पोल बदलने और तार लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान झुना कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बैरिया-बेतिया मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि गांव में विद्युत पोल बदलने और तार लगाने का कार्य चल रहा था।
काम शुरू करने से पहले पावर ग्रिड से शटडाउन लिया गया था और बिजली आपूर्ति बंद होने की जानकारी दी गई थी। इसी दौरान लाइनमैन झुना कुमार तार के पास पहुंचे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन में उन्हें नौतन पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया। बेतिया पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने पहले पावर ग्रिड पहुंचकर प्रदर्शन किया और फिर बैरिया-बेतिया मुख्य मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;—