NEWS PR डेस्क: पटना,02 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार की समृद्धि ही देश की उन्नति का आधार बनेगी। उन्होंने बैंकों से राज्य में क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो को 100 प्रतिशत तक बढ़ाने, किसानों को अधिक संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और बिहार में उद्योगों के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार ऋण भुगतान सुनिश्चित करेगी और बैंकिंग क्षेत्र को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को पटना के ज्ञान भवन में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के 71वें बैंक दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक, पटना सर्किल की ओर से किया गया था।
बिहार के विकास से ही आगे बढ़ेगा देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों में 14 करोड़ बिहारवासी हैं। ऐसे में बिहार के विकास के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले 20 वर्षों में बिहार अपनी ऐतिहासिक गौरवशाली पहचान को पुनः स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि एसबीआई ने 71 वर्षों की सफल यात्रा पूरी की है और बैंक लगातार बिहार तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। मुख्यमंत्री ने बैंक परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भी बैंक इसी तरह विकास की प्रक्रिया का मजबूत भागीदार बना रहेगा।
बैंकों से 100% CD रेशियो बढ़ाने की अपील
मुख्यमंत्री ने बैंक अधिकारियों से राज्य में CD रेशियो को बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक ले जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार बैंक ऋण की वापसी सुनिश्चित करेगी, जिससे बैंक अधिक विश्वास के साथ निवेश और ऋण वितरण कर सकें।
उन्होंने कहा कि किसानों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।

बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने की तैयारी
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों का व्यापक नेटवर्क तैयार करने के लिए बैंकिंग क्षेत्र का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार के विभिन्न हिस्सों में 12 टाउनशिप विकसित की जा रही हैं, जिनमें लगभग एक लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष निवेश होगा। उन्होंने निवेशकों और बैंकिंग क्षेत्र से बिहार के विकास अभियान में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
डिजिटल बैंकिंग में भारत दुनिया से आगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बैंकिंग सेवाओं में व्यापक बदलाव आया है। जनधन योजना के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया और आज भारत डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि यूपीआई के माध्यम से सबसे अधिक डिजिटल लेन-देन भारत में हो रहा है और यदि युवाओं को उद्योग एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ना है तो उन्हें बैंकिंग प्रणाली से मजबूत जुड़ाव बनाना होगा।
बिहार में रोजगार और आधारभूत संरचना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 87 लाख लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्यक्ष रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने जानकारी दी कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर तथा दीघा से कोईलवर तक 39 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं के लिए सरकार सस्ते ऋण की उपलब्धता चाहती है ताकि जनता के प्रति अपनी जवाबदेही बेहतर ढंग से निभाई जा सके।
कार्यक्रम में एसबीआई पटना सर्किल की मुख्य महाप्रबंधक अनुराधा जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत हरित पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर विधायक ऋषि मिश्रा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, एसबीआई पटना सर्किल की मुख्य महाप्रबंधक अनुराधा जोशी, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, एसबीआई लेडीज क्लब की अध्यक्ष पूजा जोशी सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
