सम्राट सरकार की बड़ी पहल: बिहार में शहरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 12 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए HUDCO देगा 1 लाख करोड़ रुपये

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना , 3 जुलाई। बिहार में आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के साथ 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण को लेकर ऐतिहासिक समझौता (एमओयू) किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO के बीच इस महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह समझौता राज्य को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शहरी विकास की नई दिशा देगा।

12 आधुनिक टाउनशिप में मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विकसित होने वाली 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप आधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर आवासीय सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों से लैस होंगी। इन टाउनशिप में आधुनिक सड़कें, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना सहित सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को विश्वस्तरीय शहरी जीवन उपलब्ध कराया जा सके।

लगभग 3 लाख एकड़ क्षेत्र में होगा विकास

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में इन टाउनशिप का विकास किया जाएगा। किसानों को भी इस परियोजना में लैंड पूलिंग मॉडल के माध्यम से भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन देंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

1 लाख करोड़ राज्य, 6 लाख करोड़ बाहरी निवेश का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार 12 नई टाउनशिप परियोजनाओं पर 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इसके अतिरिक्त करीब 6 लाख करोड़ रुपये का बाहरी निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। बड़े पैमाने पर निजी एवं संस्थागत निवेश आएगा, निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।

शहरीकरण के 35 प्रतिशत लक्ष्य की ओर बढ़ेगा बिहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बिहारवासियों का बेहतर शहरों का सपना साकार होगा और राज्य 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने HUDCO का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी राज्य के विकास में उसके निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई।

एमओयू का हुआ आदान-प्रदान

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा HUDCO के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विभाग के विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवड़े, HUDCO के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ सहित विभाग एवं HUDCO के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article