NEWS PR डेस्क:नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 3.590 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा तौलने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान के तहत की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर गांव स्थित दुर्गा स्थान के पास एक जर्जर पानी टंकी के कमरे में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 3.590 किलोग्राम गांजा और एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद कर ली।
इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए मुख्य आरोपी कमलेश मंडल को सीटीएस रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
