NEWS PR डेस्क: गया, 05 जुलाई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस पर रविवार को गया शहर के गेवाल बीघा स्थित हरिदास सेमिनरी के आर्य गैलरी ऑडिटोरियम में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता एवं संचालन राजद के गया जिला अध्यक्ष निजाम मियां ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के स्थापना दिवस पर केक काटने और सामाजिक न्याय, संविधान की मूल भावना तथा संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पिछले 30 वर्षों में राजद ने गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया है।

जिला अध्यक्ष निजाम मियां ने अपने संबोधन में कहा कि राजद का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और आगामी चुनावों की तैयारी में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
समारोह में मौजूद नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में टिकारी विधायक अजय दांगी, बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, गुरुआ के पूर्व विधायक विनय यादव, अतरी के पूर्व विधायक रंजीत यादव, बाराचट्टी की पूर्व विधायक समता देवी, बेलागंज के पूर्व प्रत्याशी विश्वनाथ यादव, साकेत यादव, जुगनू यादव, वीरेंद्र गोप, प्रभात रंजन, बालेश्वर यादव, सुभाष यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने गया जिले में राजद की संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जनसंपर्क अभियान तेज करने के साथ आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
