एम्स पटना के विस्तार को मिली मंजूरी, 24 एकड़ अतिरिक्त जमीन देगी बिहार सरकार; 200 नए ICU बेड भी जुड़ेंगे

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 05 जुलाई। बिहार सरकार ने एम्स पटना के विस्तार को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को एम्स परिसर का निरीक्षण कर संस्थान में चल रहे निर्माण कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एम्स के विस्तार के लिए 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सबसे पहले निर्माणाधीन बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग की नई इमारत का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एम्स विस्तार के लिए प्रस्तावित 24 एकड़ जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी की जाए, ताकि परियोजना पर जल्द काम शुरू हो सके।

उन्होंने कहा कि विस्तार परियोजना के तहत एम्स पटना में 200 नए आईसीयू बेड जोड़े जाएंगे। इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर, कैंसर उपचार, लीवर ट्रांसप्लांट समेत कई सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा, जिससे मरीजों को अत्याधुनिक इलाज की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स पटना का विस्तार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बिहार के मरीजों की दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों पर निर्भरता कम होगी तथा उन्हें अपने राज्य में ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान एम्स पटना के वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share This Article