NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान मंत्री प्रस्तावित समाधि स्थल पर भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

समाधि स्थल पर मौजूद ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने मंत्री के समक्ष पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। मीडिया से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि वह पहले भी गांव आना चाहते थे, लेकिन भरत तिवारी की तेरहवीं होने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब अवसर मिलते ही उन्होंने परिजनों से मुलाकात की है।
निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई
डीएसपी के प्रमोशन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह प्रचारित किया जा रहा है कि मामले से जुड़े डीएसपी को प्रमोशन दिया गया है, जबकि यह तथ्य सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारी का प्रमोशन नहीं हुआ है, बल्कि केवल तबादला किया गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।आरा से आकाश कुमार
