NEWS PR डेस्क: गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ गया युवा ने गया शहर के बाहरी क्षेत्र स्थित धनीबिघा गांव में वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के तहत करीब 150 पौधे लगाए गए, जिसमें क्लब के लगभग 30 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

क्लब के सदस्यों ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर हरियाली बढ़ाने का स्थायी प्रयास बन सके। रोटरी क्लब ऑफ गया युवा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना भी है।
वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान
उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। अभियान के दौरान सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
