बांकीपुर उपचुनाव में RJD ने खेला दांव, रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार; प्रशांत किशोर से होगी सीधी टक्कर

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 06 जुलाई। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। रेखा गुप्ता के मैदान में उतरने के साथ ही बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है।

रेखा गुप्ता वैश्य समाज से आती हैं और लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। राजनीति की शुरुआत उन्होंने कांग्रेस से की थी, जहां उन्होंने संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ पटना शहर के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बाद में महागठबंधन के तहत बांकीपुर सीट RJD के खाते में आने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की। जिसके बाद 2025 में राजद ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। अब पार्टी ने एकबार फिर से उन्हें इस महत्वपूर्ण उपचुनाव में अपना चेहरा बनाया है।

दूसरी ओर, जन सुराज पहले ही अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को बांकीपुर से उम्मीदवार घोषित कर चुका है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उनके नाम का ऐलान किया था। उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनके जीवन का सबसे बड़ा मिशन रहा है और पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

हालांकि, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। ऐसे में सभी की नजर अब बीजेपी के अगले कदम पर टिकी है।

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई थी। उनके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

RJD और जन सुराज के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद बांकीपुर का चुनावी समीकरण दिलचस्प हो गया है। अब मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ होने के लिए बीजेपी के उम्मीदवार के ऐलान का इंतजार किया जा रहा है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article