NEWS PR डेस्क:बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप मैजिक से छिपाकर ले जाई जा रही 119.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में वाहन मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

चेसिस में बना रखा था गुप्त तहखाना
जानकारी के अनुसार, लौरिया-बगहा एनएच-727 पर बेलवा मोड़ के समीप पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक पिकअप मैजिक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। इसके बाद जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो चेसिस में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त स्थान से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
590 फ्रूटी पैक और 36 बोतल रॉयल स्टेज जब्त
लौरिया थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि वाहन से 180 एमएल की एट पीएम फ्रूटी पैक अंग्रेजी शराब की 590 बोतलें और 375 एमएल की रॉयल स्टेज ब्रांड की 36 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 119.7 लीटर है। शराब को तस्करी के उद्देश्य से वाहन के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था।
वाहन मालिक और चालक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शनीचरी थाना क्षेत्र के बेलबागी निवासी वाहन मालिक इन्द्रजीत मुखिया और मझौलिया थाना क्षेत्र के डुमरी महनवा निवासी चालक राजू मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप मैजिक वाहन संख्या (BR-22GC-7190) को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
