NEWS PR डेस्क: मधुबनी,13 जुलाई। जिले में नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों के संभावित उद्घाटन और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 15 जुलाई से पहले सभी आधारभूत और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
राज्य सरकार की प्रस्तावित योजना के तहत 15 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री भागलपुर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इसी दिन इन महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र की भी शुरुआत प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसे जन-उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महाविद्यालय भवन, कक्षाएं, परिसर, पेयजल, बिजली, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, कार्यालय संचालन की आवश्यक सामग्री, कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य आईटी सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। परिसर की साफ-सफाई और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए जरूरी सभी तैयारियों को भी प्राथमिकता देने को कहा गया है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 14 जुलाई तक सभी संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी कार्य लंबित न रहे। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
