NEWS PR डेस्क: गया: बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में कुएं से महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या प्रेम प्रसंग और भूमि विवाद के कारण की गई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

इमामगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धीरज कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका की पहचान सुनीता देवी (35 वर्ष), पति रंजय यादव, निवासी मुसनटांड़ टोला, ग्राम पंचायत झिकटिया, के रूप में हुई थी। महिला का शव बढ़ीखाप गांव के बधार स्थित एक कुएं से बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह सामने आया कि गांव के ही चार लोगों ने मिलकर सुनीता देवी की लाठी और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया गया। हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी पास की झाड़ियों से बरामद कर लिया गया है।
मामले में पुलिस ने उदय कुमार, बंधु कुमार और मृतका के भतीजे संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि इस साजिश में कुल चार लोग शामिल थे और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और जमीन से जुड़ा विवाद दोनों कारण सामने आए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
