आय से 75% अधिक संपत्ति का आरोप: पर्यटन विभाग के इंजीनियर अवधेश कुमार सिन्हा के तीन ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 18जुलाई। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के पटना स्थित आवास और कार्यालय सहित तीन ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, बैंक खातों, फ्लैटों, आभूषणों और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

निगरानी थाना कांड संख्या 084/26 (दिनांक 16 जुलाई 2026) के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त पर 1 करोड़ 41 लाख 90 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक है।

माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर 17 जुलाई को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की तीन टीमों ने पटना जिले में अभियुक्त के तीन ठिकानों पर देर रात तक तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी में क्या-क्या मिला?

तलाशी के दौरान अभियुक्त एवं उनके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें प्रमुख रूप से—

  • फ्रेंड्स कॉलोनी, आशियाना नगर, पटना में 2 कट्ठा 4 धूर जमीन, जिसकी खरीद कीमत 75.63 लाख रुपये दर्ज है।
  • उक्त जमीन पर निर्माणाधीन मकान से संबंधित एमओयू, जिसमें 20 लाख रुपये अग्रिम भुगतान तथा 97 लाख रुपये आठ किस्तों में भुगतान का उल्लेख है।
  • 75.62 लाख रुपये मूल्य के भूमि एग्रीमेंट के दस्तावेज।
  • केनरा बैंक में एक लॉकर, जिसे नियमानुसार खोलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
  • 61 हजार रुपये नकद।
  • लगभग 5.05 लाख रुपये के स्वर्णाभूषण।
  • लगभग 3.07 लाख रुपये के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण।
  • करीब 1.53 लाख रुपये के चांदी के आभूषण।
  • 12 डीड से संबंधित दस्तावेज।
  • 19 बैंक खातों के दस्तावेज।
  • विभिन्न बीमा योजनाओं में निवेश से जुड़े कागजात।
  • 3 फ्लैटों के दस्तावेज।
  • एक हुंडई कार।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। केनरा बैंक के लॉकर को विधिवत खोलकर उसकी भी जांच की जाएगी। मामले में अनुसंधान जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article