मुख्यमंत्री ने पटना के तीन गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास परियोजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) द्वारा 46.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन तीनों गंगा घाटों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे राजधानीवासियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने तीनों गंगा घाटों पर कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने गंगाजल स्पर्श कर मां गंगा को नमन किया तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बिहार के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नियोजित शहरी विकास, आधुनिक अवसंरचना के विस्तार तथा जनोपयोगी सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से बुडको द्वारा 46.26 करोड़ रुपये की लागत से पटना के तीन गंगा घाट-भद्र घाट, महावीर घाट एवं नौजर घाट-का रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण किया गया है। योजना के तहत तीनों घाटों को पक्का बनाकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। पहले ये घाट कच्चे थे, लेकिन अब इनके निर्माण से लोगों को स्नान और पूजा-अर्चना में सुविधा होगी।

सौंदर्यीकृत घाटों पर आधुनिक वॉक-वे, पक्का घाट, हाई मास्ट लाइट, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग तथा स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था की गई है। नए पक्के घाटों के निर्माण से स्थानीय लोगों और विशेष रूप से छठ महापर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी कुमारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष कुमार पराशर, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, बुडको के मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार मेहता सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article