NEWS PR डेस्क: पटना, 24 जुलाई। बिहार में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशी नगर, पटना में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति के चयन-पत्र तथा पुरस्कार राशि वितरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 सितंबर से राज्य की प्रत्येक पंचायत में विशेष खेल प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से उभरती प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र और सम्मान
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी आकाश दीप एवं मुकेश कुमार सहित कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी पियुष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पद पर नियुक्ति दी गई। इसके अलावा विभिन्न खेल विधाओं के अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी सरकारी नियुक्ति-पत्र सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति मिलना बिहार के लिए गर्व का विषय है।
पंचायत स्तर पर होगी प्रतिभा की खोज
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 सितंबर से पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभा खोज अभियान शुरू होगा। चयनित खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने पूरे बिहार में 5,000 खेल मैदानों के निर्माण का कार्य पूरा किया है, जिससे गांव-गांव तक खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। पटना स्थित मॉइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास कराया जा रहा है, जिसकी संचालन जिम्मेदारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सौंपी गई है। लगभग 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में नालंदा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की जा चुकी है और राज्य में विभिन्न खेलों के विश्व कप स्तर के आयोजन भी सफलतापूर्वक कराए गए हैं, जिससे बिहार की नई पहचान बनी है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि बिहार को राष्ट्रीय खेलों में अग्रणी राज्य बनाना भी होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व कप और आईपीएल जैसे बड़े मंचों पर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार में ऐसा खेल वातावरण विकसित किया जाए, जहां प्रतिभाओं को अवसर, संसाधन और सम्मान तीनों समान रूप से मिलें।
खिलाड़ियों को मिली पुरस्कार राशि
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। इनमें- सेतु मिश्रा को एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बनने पर 37.50 लाख रुपये।
विभास्कर कुमार को उक्त प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर 2 लाख रुपये। शतरंज खिलाड़ी सुश्री मरियम फातिमा को कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीतने पर 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।
637 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों को उत्कर्ष, सक्षम और प्रेरणा स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप योजनाओं के तहत चयन-पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के अंतर्गत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी तथा खेल विज्ञान संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्रवृत्ति की राशि इस प्रकार होगी
उत्कर्ष छात्रवृत्ति – ₹20 लाख प्रतिवर्ष
सक्षम छात्रवृत्ति – ₹5 लाख प्रतिवर्ष
प्रेरणा छात्रवृत्ति – ₹3 लाख प्रतिवर्ष
इस वित्तीय वर्ष में कुल 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिनमें 21 उत्कर्ष, 184 सक्षम और 432 प्रेरणा श्रेणी के खिलाड़ी शामिल हैं। प्रेरणा छात्रवृत्ति के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम के माध्यम से किया गया है।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्र शंकरण, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
