NEWS PR डेस्क:पटना। एस.के. मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा संचालित कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन, रोड नंबर-3, ईस्ट पटेल नगर, पटना में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स डे पार्टी “परिचय 1.0” का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उल्लास और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। संस्थान का सभागार आकर्षक फूलों एवं रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन एस.के. मंडल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की गरिमा बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत, समूह प्रस्तुति एवं मनोरंजक गतिविधियों से सभी का मन मोह लिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह में संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सहभागिता की सभी ने सराहना की।

अंत में संस्थान प्रबंधन ने सभी छात्रों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। “परिचय 1.0” ने नए विद्यार्थियों को एक यादगार शुरुआत देने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, आत्मविश्वास और संस्थान से जुड़ाव की भावना को और अधिक मजबूत किया।
