NEWS PR डेस्क:भागलपुर/बांका: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान एक इंजीनियर और एक कर्मी को ₹1.26 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के मुताबिक, जिला परिषद की योजना पर कार्य कर रहे संवेदक अवध बिहारी ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि योजना से जुड़े कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत में जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, जूनियर इंजीनियर सुधीर कुमार, कर्मी जागेश्वर मंडल, इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल समेत पांच लोगों के नाम शामिल थे।
जिला परिषद कार्यालय में जाल बिछाकर छापेमारी
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में जाल बिछाकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कर्मी जागेश्वर मंडल और इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल को ₹1 लाख 26 हजार की रिश्वत लेते हुए मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव से भी पूछताछ की गई।
डीएसपी सत्येंद्र राम ने बताया कि…
निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र राम ने बताया कि शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए थे। इसी आधार पर ट्रैप की कार्रवाई की गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को भागलपुर स्थित निगरानी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
