हाजीपुर बस स्टैंड टेंडर विवाद: पूर्व विधायक मुकेश रौशन समेत कई पर गंभीर धाराओं में FIR

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : हाजीपुर के रामाशीष चौक बस स्टैंड की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया को लेकर हुए हिंसक विवाद के मामले में महुआ के पूर्व विधायक मुकेश रौशन समेत कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले में जानलेवा हमला, लूटपाट, सरकारी टेंडर प्रक्रिया में बाधा डालने और धमकी देने जैसे आरोप शामिल हैं।

यह प्राथमिकी रविन्द्र कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामाशीष चौक बस स्टैंड की वैध निविदा प्रक्रिया को विफल करने के लिए सुनियोजित ढंग से हिंसा और भय का माहौल बनाया गया। आरोप के अनुसार, 9 अगस्त को प्रस्तावित ओपन टेंडर को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसी स्थिति पैदा की गई ताकि इच्छुक व्यक्ति निविदा प्रक्रिया में हिस्सा न ले सकें।

वैध टेंडर प्रक्रिया में लगातार हस्तक्षेप

शिकायतकर्ता का दावा है कि सरकारी अभिलेखों में बस स्टैंड का वार्षिक टेंडर मूल्य लगभग 6 लाख रुपये दर्ज है, जबकि आरोप है कि अवैध वसूली के जरिए इससे हर महीने करीब 30 लाख रुपये की कमाई की जा रही है। शिकायत में कहा गया है कि इसी कथित अवैध आर्थिक लाभ को बनाए रखने के लिए वैध टेंडर प्रक्रिया में लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा था।

परिवार को जान से मारने की धमकी

प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक मुकेश रौशन के इशारे पर लालबाबू राय ने रविन्द्र कुमार पर हंसुआ से हमला किया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। इसके अलावा टेंडर से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़ने, 2 लाख रुपये नकद और सोने की चेन लूटने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

हालांकि, ये सभी आरोप प्राथमिकी में दर्ज शिकायत पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article