NEWS PR डेस्क :बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को महिला एवं बाल विकास निगम के तहत संचालित कामकाजी महिला छात्रावास सह सखी निवास का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावास के आवासीय कक्ष, रसोईघर, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने छात्रावास में रह रही कामकाजी महिलाओं और छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव भी सुने। साथ ही उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया।

मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि बिहार सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिला छात्रावास जैसी योजनाएं महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित आवास के साथ बेहतर माहौल भी उपलब्ध करा रही हैं।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावास की कई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, लेकिन जहां सुधार की जरूरत महसूस हुई वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।