NEWS PR डेस्क :बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार इन दिनों सिर्फ अपने विभागीय फैसलों की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा के केंद्र में हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार बैठकों और नए फैसलों के बीच अब उनकी शादी को लेकर अटकलों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान शादी से जुड़ा सवाल पूछे जाने पर उनका रिएक्शन चर्चा का विषय बन गया।

हाल ही में 45वां जन्मदिन मना चुके निशांत कुमार राजधानी पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान माहौल तब हल्का हो गया, जब एक महिला पत्रकार ने उनसे पूछा कि “मार्च में आपकी शादी होने वाली है?”
निशांत कुमार कुछ पल के लिए झेंप गए
बता दें कि यह सवाल सुनते ही निशांत कुमार कुछ पल के लिए झेंप गए। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ हल्की मुस्कान के साथ आगे बढ़ गए। उनके इस अंदाज को देखकर वहां मौजूद डॉक्टरों और अन्य लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।
विवाह को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं
दरअसल, पिछले कुछ महीनों से निशांत कुमार के विवाह को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक इस विषय पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसके बावजूद जहां भी वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में पहुंचते हैं, उनसे शादी को लेकर सवाल जरूर पूछे जाते हैं।
“शादी करिए भैया।”
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले जब निशांत कुमार अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे थे, तब गांव की महिलाओं ने भी स्नेहपूर्वक उन्हें शादी करने की सलाह दी थी। वहीं, गांव के एक युवक ने भी मुस्कुराते हुए कहा था, “शादी करिए भैया।” बता दें कि उस समय भी निशांत कुमार ने लोगों की बातें मुस्कुराकर सुनीं, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
शादी को लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी …
बता दें कि राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच अब उनकी शादी को लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। हालांकि, मार्च 2027 में विवाह होने की जो अटकलें लगाई जा रही हैं, उन्हें लेकर अब तक न तो निशांत कुमार और न ही उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है। ऐसे में फिलहाल यह चर्चा सिर्फ अटकलों तक ही सीमित है।