रेल मंत्री से मिले घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जहानाबाद की रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर रखीं कई अहम मांगें; माल गोदाम को मिली स्वीकृति

Shreya Raj
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को क्षेत्र की रेल विकास संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपते घोसी विधायक ऋतुराज कुमार।

जहानाबाद: घोसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋतुराज कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात कर जहानाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के रेल विकास से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तृत रूप से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वर्षों से लंबित रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखे। विधायक ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य जहानाबाद, घोसी और आसपास के लाखों लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक, कृषि और आर्थिक विकास को नई गति देना है।

रेल विकास के लिए रखीं कई महत्वपूर्ण मांगें

विधायक ऋतुराज कुमार ने रेल मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सबसे पहले इस्लामपुर-मानपुर प्रस्तावित रेल लाइन परियोजना के एलाइनमेंट में आवश्यक संशोधन करने का अनुरोध किया। उन्होंने मांग की कि रेल लाइन को टेसा और खिजरसराय होकर ले जाया जाए तथा हुलासगंज को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ा जाए। इसके साथ ही हुलासगंज में रेलवे स्टेशन अथवा हॉल्ट के निर्माण की भी मांग की गई। विधायक ने बताया कि हुलासगंज मध्य बिहार का एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक केंद्र है। यहां राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (आश्रम) स्थित है तथा सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव भी स्वीकृत है। ऐसे में रेल कनेक्टिविटी मिलने से हजारों छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं रेलवे को भी माल एवं यात्री परिवहन से अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

इसी क्रम में उन्होंने जहानाबाद के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के विस्तार और संचालन का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने पटना-जहानाबाद-धनबाद चलने वाली गंगा-दामोदर एक्सप्रेस का विस्तार हावड़ा (कोलकाता) तक किए जाने की मांग की, ताकि जहानाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके, इसके अलावा पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव जहानाबाद स्टेशन पर सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया, जिससे व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिल सके। विधायक ने महाबोधि एक्सप्रेस का प्रारंभिक स्टेशन गया के स्थान पर जहानाबाद किए जाने की भी मांग रखी साथ ही स्थानीय व्यापार, कृषि उपज और माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए जहानाबाद में अत्याधुनिक माल गोदाम (Goods Shed) स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया।

शाम के समय MEMU ट्रेन और नई रेल परियोजनाओं पर भी दिया गया जोर

विधायक ने गया-जहानाबाद-पटना रेलखंड पर शाम के समय यात्रियों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद इस रेलखंड पर शाम 7:00 बजे से रात 10:00 बजे के बीच कोई पैसेंजर अथवा MEMU ट्रेन उपलब्ध नहीं है। लगभग तीन घंटे से अधिक के इस अंतराल के कारण प्रतिदिन यात्रा करने वाले विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षार्थी, कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी तथा इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और उन्हें निजी वाहनों पर निर्भर होना पड़ता है। इसे देखते हुए उन्होंने इस समयावधि में कम-से-कम एक पैसेंजर या MEMU ट्रेन चलाने अथवा पहले से संचालित MEMU ट्रेनों के अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने की मांग की।

इसके अलावा विधायक ने बिहारशरीफ-जहानाबाद प्रस्तावित रेल परियोजना के अंतर्गत काको में पूर्ण रेलवे स्टेशन तथा बंधुगंज में रेलवे हॉल्ट के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि काको ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रखंड मुख्यालय है, जहां बड़ी आबादी, छात्र और दैनिक यात्री रहते हैं, वहीं बंधुगंज आसपास के कई गांवों का प्रमुख बाजार एवं आवागमन केंद्र है। इन स्थानों पर स्टेशन और हॉल्ट बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधे रेल सेवा का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

माल गोदाम को स्वीकृति, अन्य मांगों पर मिला सकारात्मक आश्वासन

बैठक के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जहानाबाद में माल गोदाम (Goods Shed) की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की। इसे जिले के व्यापार, कृषि उत्पादों की ढुलाई तथा औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है इसके साथ ही उन्होंने इस्लामपुर-मानपुर नव स्वीकृत रेल लाइन की डीपीआर (DPR) में आवश्यक संशोधन कर इसे हुलासगंज की ओर से ले जाने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक पहल करने की बात कही।

विधायक ऋतुराज कुमार ने बताया कि रेल मंत्री ने उनकी अन्य सभी मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि वे हर स्तर पर प्रयास कर जहानाबाद एवं घोसी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इन जनहितकारी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करेंगे। विधायक ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इन प्रस्तावों का चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन होता है तो जहानाबाद, घोसी और आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी, व्यापार और कृषि को मजबूती मिलेगी तथा पूरे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि जनहित और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article