सिवान: बिहार के सिवान जिले में दो बहनों के अपहरण और चलती कार में दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि शनिवार को स्कूल पहुंची दोनों छात्राओं को स्कूल के मुख्य गेट के पास से एक स्कॉर्पियो सवार लोगों ने जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद चलती कार में उनके साथ मारपीट और जबरदस्ती की गई। घटना के बाद दोनों बहनों को सड़क किनारे एक खेत में बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
स्कूल के गेट से जबरन कार में बैठाया
मामला सिवान जिले के महादेवा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता शनिवार को बम हाईस्कूल पढ़ने पहुंची थी। उसके साथ उसकी छोटी बहन भी थी। इसी दौरान स्कूल के मुख्य गेट के सामने अचानक एक स्कॉर्पियो आकर रुकी। आरोप है कि उसमें सवार लोगों ने दोनों बहनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और वहां से चले गए। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, चलती कार में दोनों के साथ मारपीट और जबरदस्ती की गई। घटना के बाद दोनों को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे एक खेत में छोड़ दिया गया।
खेत में मिलीं दोनों बहनें
पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि जब दोनों को जबरन गाड़ी में बैठाया गया, उसके बाद आरोपियों ने उनके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें कुछ पता नहीं रहा। रविवार की सुबह जब उसे होश आया तो उसने खुद को एक खेत में पाया। होश में आने के बाद उसने आसपास मौजूद स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
एक लड़की गंभीर रूप से घायल
अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, एक लड़की के साथ मारपीट और जबरदस्ती करने की कोशिश की गई, जिससे उसके निजी अंग में गंभीर चोट आई। अधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टरों ने उसे टांके लगाए। रिपोर्ट के अनुसार, उसे दो टांके दिए गए हैं। फिलहाल डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। वहीं, दूसरी लड़की के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। दोनों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया।
आरोपियों को नहीं पहचानती पीड़िता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों में से किसी को भी पहचानती नहीं है। उसका कहना है कि दोनों को जबरन गाड़ी में बैठाने के बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है। छोटी बहन के मुताबिक, अगली बार जब उसे होश आया तो वह खेत में थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिवान पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम स्कूल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि स्कॉर्पियो और उसमें सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। सिवान के एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि पीड़िता का फर्द बयान दर्ज किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार, शुरुआती जानकारी में एक लड़की के साथ घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों बहनों के साथ मारपीट कर उन्हें बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
क्या बोले सिवान एसपी?
सिवान एसपी पुरन कुमार झा ने कहा कि मामला काफी गंभीर है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। लड़की का फर्द बयान लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस स्कूल के आसपास के CCTV फुटेज के अलावा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।