NEWS PR डेस्क: पटना। राजधानी पटना में सोमवार, 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और हाथ में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक करीब 1.5 किलोमीटर पैदल चले।

तिरंगा यात्रा से पहले गांधी मैदान पहुंचे सीएम
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गांधी मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी मौजूद रहे। गांधी मैदान पहुंचने के दौरान मुख्यमंत्री का काफिला गेट नंबर-12 से अंदर गया। इसके बाद सुरक्षा कारणों से गेट बंद कर दिया गया।
सीएम सिक्योरिटी के कारण मंत्रियों को करना पड़ा इंतजार
गेट बंद होने के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों ने कहा कि सीएम एस्कॉर्ट के अलावा किसी अन्य वाहन को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। इस दौरान मंत्री दिलीप जायसवाल और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्टाफ की ओर से गेट खोलने का अनुरोध किया जाता रहा। मंत्रियों के स्टाफ ने बताया कि मंत्री अंदर जाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। करीब 5 मिनट तक इंतजार करने के बाद गेट खोला गया, जिसके बाद दोनों मंत्री अंदर जा सके।
14 अगस्त तक मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत पटना में मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
तिरंगा यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन
तिरंगा यात्रा को देखते हुए पटना में सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया । गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और बुद्ध मार्ग से जुड़े कई रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही हालांकि, आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को यातायात प्रतिबंध से बाहर रखा गया था।