NEWS PR डेस्क : पटना: जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के साथ उनकी तस्वीरें और गतिविधियां सामने आ रही हैं। इसी बीच तेज प्रताप ने अपने पूर्व निजी सहायक और पार्टी से निष्कासित महासचिव मोतीलाल राय को लेकर लोगों को सावधान किया है।

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अपने करीबियों से मोतीलाल राय से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोतीलाल राय पार्टी से जुड़े लोगों को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर पैसे और सामान की मांग कर रहे हैं।
स्कूटी मांगने का लगाया आरोप
तेज प्रताप यादव के मुताबिक, मोतीलाल राय ने पार्टी के एक सदस्य से स्कूटी की मांग की है। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के फोन या उसके कहने पर बिना पुष्टि के पैसे अथवा सामान का लेन-देन नहीं किया जाए। अपने पोस्ट में तेज प्रताप ने कहा कि जनशक्ति जनता दल से निष्कासित किए जा चुके मोतीलाल राय को लेकर पार्टी को पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। इन्हीं शिकायतों और पार्टी के स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है।
20 लाख रुपये लेकर फरार होने का दावा
तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि मोतीलाल राय करीब 20 लाख रुपये के अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन लेकर फरार हैं। उनका आरोप है कि इसी रकम से मोतीलाल राय और उनके परिवार के खर्च चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मोतीलाल राय के खिलाफ सचिवालय थाना में चोरी के मामले से जुड़ी प्राथमिकी दर्ज है। तेज प्रताप के अनुसार, इसके बावजूद मोतीलाल राय फिर से सक्रिय हैं और पार्टी से जुड़े लोगों तथा उनके करीबी व्यक्तियों से संपर्क कर रहे हैं।
लगातार बदल रहे मोबाइल नंबर- तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि मोतीलाल राय लोगों से संपर्क करने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनके मुताबिक, फिलहाल भी एक नंबर के जरिए लोगों को फोन किया जा रहा है और इसके बाद नए नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।तेज प्रताप ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ऐसे किसी भी फोन कॉल को गंभीरता से लेने और बिना पुष्टि के कोई कदम नहीं उठाने की अपील की है।
फराज अहमद से स्कूटी मांगने का भी जिक्र
तेज प्रताप यादव ने अपने बयान में पार्टी सदस्य फराज अहमद का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि फराज अहमद स्कूटी कंपनी के मालिक हैं और जानकारी के अनुसार मोतीलाल राय ने उनसे भी स्कूटी की मांग की है। तेज प्रताप ने स्पष्ट तौर पर कहा कि उनके नाम या पार्टी के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे या सामान की मांग करता है तो पहले संबंधित वरिष्ठ पदाधिकारी से इसकी पुष्टि की जाए।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध फोन कॉल या किसी भी तरह की मांग की जानकारी तुरंत वरिष्ठ पदाधिकारी को दें। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के लेन-देन से बचने की अपील की है।