तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से तलाक पर तोड़ी चुप्पी, बोले- हमारे बीच नहीं बनती थी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े एक पुराने मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने ऐश्वर्या राय से तलाक के फैसले की वजह बताते हुए कहा कि दोनों के बीच आपसी तालमेल नहीं था। तेज प्रताप ने अपने रिश्ते को लेकर कई गंभीर दावे भी किए हैं।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह पूजा-पाठ और मंदिर जाने वाले व्यक्ति हैं, जबकि ऐश्वर्या राय इन चीजों को लेकर उन्हें रोकती-टोकती थीं। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह के मतभेदों के कारण दोनों के बीच रिश्ते बेहतर नहीं रह सके। तेज प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि ऐश्वर्या ने उनकी मां राबड़ी देवी के साथ मारपीट की थी।
भोजपुर बवाल शो में निजी जिंदगी पर चर्चा
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने ये बातें भोजपुर बवाल शो के एक प्रोमो में कहीं। बातचीत के दौरान शो के एंकर ने उनसे उनकी शादी और ऐश्वर्या राय को लेकर सवाल किया। एंकर ने कहा कि जिंदगी एक अच्छी पत्नी के साथ बेहतर होती है और उन्हें तो ऐश्वर्या राय मिली थीं, फिर आखिर ऐसा क्या हुआ कि सबकुछ बिगड़ गया?
इस सवाल के जवाब में तेज प्रताप ने खुद को देसी अंदाज वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह देसी आदमी हैं, जबकि ऐश्वर्या ने बड़े कॉलेज से पढ़ाई की थी। उनके मुताबिक, दोनों की सोच और जीवनशैली में अंतर भी रिश्ते में तनाव की वजह बना।
ऐश्वर्या के मारपीट के आरोपों पर तेज प्रताप का जवाब
वहीं ऐश्वर्या राय की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि आरोप कोई भी लगा सकता है, लेकिन उसका सबूत भी होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जब उनकी मां के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई थी, तब वहां दो-तीन विधायक मौजूद थे। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि उनके पास घटना से जुड़ा वीडियो है और सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया।
12 मई 2018 को हुई थी शादी
बता दें कि तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को हुई थी। जानकारी के लिए बता दें कि ऐश्वर्या राय, चंद्रिका राय की बेटी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं।साल 2019 में तेज प्रताप और ऐश्वर्या के रिश्ते को लेकर विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आया था। उस समय ऐश्वर्या राय ने आरोप लगाया था कि राबड़ी देवी ने उनके बाल खींचकर मारपीट की और राबड़ी आवास के गार्ड ने भी उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
अनुष्का यादव को लेकर भी उठे थे सवाल
तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के वायरल फोटो और वीडियो को लेकर भी ऐश्वर्या राय ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें तेज प्रताप के कथित अफेयर के बारे में जानकारी नहीं थी। ऐश्वर्या ने सवाल उठाते हुए कहा था कि जब उनके साथ कथित तौर पर मारपीट हुई, तब सामाजिक न्याय की बात कहां थी।

Share This Article