बिहार में बजेगा बॉलीवुड का क्लैप बोर्ड! सुनील शेट्टी का बड़ा ऐलान, अक्टूबर से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार की खूबसूरत वादियों में जल्द ही बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग का शोर सुनाई देने वाला है। अभिनेता सुनील शेट्टी ने बिहार में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर से फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी है। शूटिंग के लिए लोकेशन फाइनल करने वाली टीम अगले सप्ताह बिहार पहुंचेगी।

सुनील शेट्टी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान बिहार में फिल्म निर्माण, कला और सिनेमा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान अभिनेता ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह बिहार में फिल्म की शूटिंग करने जा रहे हैं।
बिहार में 50 से 60 दिनों तक चलेगी शूटिंग
सुनील शेट्टी के मुताबिक, फिल्म की कहानी काफी अच्छी है और इसकी शूटिंग बिहार में करीब 50 से 60 दिनों तक चल सकती है। उन्होंने फिल्म के लिए कई संभावित लोकेशन भी देखी हैं, लेकिन अभी अंतिम जगह तय नहीं की गई है। अगले सप्ताह फिल्म की टीम बिहार आएगी और अलग-अलग स्थानों का दौरा कर शूटिंग के लिए लोकेशन को फाइनल करेगी।
12 से ज्यादा जगहों पर हो सकती है शूटिंग
फिल्म की शूटिंग बिहार के एक दर्जन से ज्यादा इलाकों में होने की संभावना है। संभावित स्थानों में पश्चिम चंपारण, राजगीर, नालंदा, बोधगया, कैमूर, नवादा और पटना समेत कई इलाके शामिल हैं। सुनील शेट्टी ने बिहार की प्राकृतिक सुंदरता की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए कई शानदार लोकेशन मौजूद हैं। उनके मुताबिक, फिल्म निर्माण के लिहाज से बिहार में काफी संभावनाएं हैं।
बिहार-यूपी में फिल्म चली तो सफलता की संभावना ज्यादा
सुनील शेट्टी ने बिहार और उत्तर प्रदेश के दर्शकों को फिल्मों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी फिल्म को बिहार और उत्तर प्रदेश के दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है तो उसके सफल होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। अभिनेता ने बिहार में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि करीब चार महीने पहले जब वह बिहार आए थे, तब उन्हें यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर में काफी बदलाव देखने को मिला था। अब इसी बेहतर माहौल के बीच बिहार में फिल्म शूटिंग की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय कलाकारों और कारोबार को मिलेगा फायदा
बिहार में लंबे समय तक फिल्म की शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ तकनीकी टीम से जुड़े लोगों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद है। शूटिंग के दौरान स्थानीय स्तर पर कई तरह की सेवाओं की जरूरत होगी, जिससे होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य कारोबार को भी फायदा पहुंच सकता है। इसके अलावा बिहार में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट आने से राज्य में फिल्म टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
फिल्म नीति के तहत मिलती है करोड़ों की सब्सिडी
बिहार सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति भी निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए आकर्षित कर रही है। कला संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी के मुताबिक, फिल्म निर्माताओं को नीति के तहत अधिकतम 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान है।वहीं, बिहार के स्थानीय कलाकारों को फिल्म में काम देने पर उन्हें दी गई राशि का 50 फीसदी अतिरिक्त अनुदान देने की व्यवस्था भी है।
फिल्म का नाम अभी भी सस्पेंस
बता दें कि सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म शूटिंग की तैयारियों का खुलासा तो कर दिया है, लेकिन फिल्म के नाम को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि फिल्म की कहानी किस विषय पर आधारित है। अब अगले सप्ताह बिहार आने वाली फिल्म की टीम के दौरे पर नजर रहेगी। लोकेशन फाइनल होने के बाद फिल्म की शूटिंग, कहानी और प्रोजेक्ट से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आने की उम्मीद है।

Share This Article