महुआ को मिलेगा पावर ग्रिड उपकेंद्र? केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिले संजय सिंह

Rashmi Tiwari

महुआ विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत और निर्बाध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने नई दिल्ली में भारत सरकार के ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महुआ क्षेत्र में पावर ग्रिड उपकेंद्र के निर्माण की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया।

मंत्री संजय सिंह ने बताया कि महुआ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्थायी समाधान के लिए पावर ग्रिड उपकेंद्र का निर्माण आवश्यक है, जिससे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके और विकास कार्यों को भी गति मिले।उन्होंने कहा कि इस विषय पर वह पहले भी केंद्रीय मंत्री से आग्रह कर चुके हैं। अब पुनः महुआ की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह से उनके आवास पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। बैठक में महुआ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण ऊर्जा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।महुआ क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद पावर ग्रिड उपकेंद्र के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Share This Article