भागलपुर में भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर; ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उमड़ा जनसैलाब

Shreya Raj
तिरंगा थामे जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय समेत अधिकारी और अन्य लोग तिरंगा रैली में शामिल हुए।

NEWS PR डेस्क : भागलपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, कलाकार, शिक्षक, पदाधिकारी और जिला प्रशासन के कर्मी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से पूरे शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

समाहरणालय परिसर से शुरू हुई रैली

तिरंगा रैली का शुभारंभ समाहरणालय परिसर से हुआ। रैली का नेतृत्व भागलपुर की जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने किया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लिया।

तिलकामांझी चौक तक पहुंची तिरंगा यात्रा

समाहरणालय परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तिलकामांझी चौक पहुंची। यहां स्थित तिलकामांझी की प्रतिमा तक रैली पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराया। इसके बाद रैली वापस समाहरणालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

अधिकारी और कर्मी भी हुए शामिल

रैली में जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। स्कूली बच्चों, कलाकारों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस तिरंगा रैली के जरिए लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान भागलपुर शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया और लोगों में देश के प्रति उत्साह और गौरव की भावना देखने को मिली।

Share This Article