NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में मधुबनी प्रखंड की प्रमुख विजया सिंह ने बुधवार को बाढ़ और कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिसई और चिउरही पंचायत के प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बाढ़ और कटाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक और राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभावित इलाकों में फ्लड फाइटिंग सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रमुख विजया सिंह ने क्षेत्र में बाढ़ और कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को सतर्कता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से बीडीओ को प्रभावित क्षेत्रों में फ्लड फाइटिंग सामग्री की तत्काल उपलब्धता और उसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर जरूरत के अनुसार सुरक्षात्मक कार्य कराने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। प्रमुख ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों के साथ लिया स्थिति का जायजा
निरीक्षण के दौरान उप प्रमुख बिरगुन गद्दी, मुखिया विजय यादव, बीडीसी मुन्ना कुशवाहा और बीडीसी दौनाहा रीता देवी भी मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति से प्रमुख को अवगत कराया।
जनता की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
विजया सिंह ने कहा कि बाढ़ और कटाव की चुनौतीपूर्ण स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा के साथ राहत और बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल कदम उठाने पर जोर दिया गया।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज