NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अगस्त 2026 में गुम और चोरी हुए 50 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सत्यापन और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
अब तक 465 मोबाइल बरामद
बेतिया पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि जिले के अलग-अलग थानों में मोबाइल फोन गुम या चोरी होने से संबंधित दर्ज सनहा और प्राथमिकी के आधार पर जिला आसूचना इकाई लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत अगस्त 2026 में 50 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसपी के अनुसार, बेतिया पुलिस अब तक कुल 465 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 72.30 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल के वास्तविक स्वामियों की पहचान करने के बाद उन्हें उनके मोबाइल सुपुर्द किए जाते हैं।
गुम या चोरी मोबाइल की शिकायत के लिए वेबसाइट
पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट भी जारी की है। इसके माध्यम से लोग अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस का उद्देश्य ऐसे मामलों में तकनीकी माध्यमों और जांच के जरिए मोबाइल बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है।

पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
ऑपरेशन मुस्कान के तहत चलाए गए इस अभियान में जिला आसूचना इकाई के प्रभारी पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार सहित सिपाही अंकित कुमार, राज कुमार, विपीन कुमार और ऋषभ कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन्होंने अपने मोबाइल फोन गुम या चोरी होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ दी थी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज