BPSC TRE-4 में बड़ा बदलाव! अब शिक्षक भर्ती के लिए PT के बाद देना होगा Mains Exam

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती परीक्षा का पैटर्न बदलने जा रहा है। अब शिक्षक भर्ती परीक्षा केवल एक चरण तक सीमित नहीं रहेगी। BPSC TRE-4 से पहले ही आयोग ने दो चरणों वाली परीक्षा व्यवस्था का संकेत दिया है। इसके तहत अभ्यर्थियों को पहले पीटी (Preliminary Test) और उसके बाद मेंस परीक्षा पास करनी होगी हालांकि, शिक्षक भर्ती में सिविल सर्विसेज की तरह इंटरव्यू का प्रावधान नहीं होगा।
पहले होगी स्क्रीनिंग, फिर मेंस
नई व्यवस्था में पीटी परीक्षा शुरुआती स्क्रीनिंग के तौर पर काम करेगी। सभी अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिलेगा। पीटी में निर्धारित मानदंड के अनुसार सफल होने वाले उम्मीदवार ही अगले चरण यानी मेंस परीक्षा में पहुंच सकेंगे।
मेंस में केवल सही उत्तरों की संख्या पर जोर नहीं होगा, बल्कि अभ्यर्थियों की विषय की समझ, कॉन्सेप्ट पर पकड़ और तैयारी की गहराई को भी परखा जा सकता है। ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को अब सिर्फ अधिक से अधिक अंक हासिल करने के बजाय अपने विषय पर मजबूत पकड़ बनाने पर भी ध्यान देना होगा।
क्या बेहतर होंगे शिक्षक?
परीक्षा के दो चरण किए जाने के पीछे चयन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की कोशिश मानी जा रही है हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक केवल दो परीक्षाएं आयोजित करने से चयन की गुणवत्ता बेहतर नहीं हो सकती। इसके लिए प्रश्नों का स्तर, सिलेबस, मूल्यांकन प्रक्रिया और मेरिट तैयार करने की व्यवस्था भी मजबूत होनी जरूरी है।
अगर इन सभी पहलुओं को सही तरीके से लागू किया जाता है, तो नई व्यवस्था से ऐसे उम्मीदवारों का चयन करने में मदद मिल सकती है, जिनकी विषय पर अच्छी पकड़ हो। यानी अब शिक्षक भर्ती में सिर्फ परीक्षा पास करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि अभ्यर्थियों को अपनी विषयगत क्षमता भी साबित करनी होगी।
TRE-1 से TRE-3 तक एक ही परीक्षा
बिहार में इससे पहले TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के तहत हुई शिक्षक भर्तियों में पीटी और मेंस के लिए अलग-अलग परीक्षाएं नहीं हुई थीं। एक ही परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन देखा गया और उसी के आधार पर मेरिट तैयार की गई। मेरिट के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अब TRE-4 में दो चरणों वाली परीक्षा प्रणाली लागू किए जाने की तैयारी है। इससे शिक्षक भर्ती की पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अलग हो जाएगी।
32,388 पदों पर होनी है भर्ती
BPSC TRE-4 के जरिए बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती की जानी है हालांकि, परीक्षा का विस्तृत कैलेंडर अभी जारी नहीं किया गया है। नोटिफिकेशन और परीक्षा की तारीख घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। उम्मीदवार जल्द से जल्द भर्ती का नोटिफिकेशन और परीक्षा कार्यक्रम जारी करने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन और परीक्षा की तारीख कब जारी होती है और नई दो-चरणीय परीक्षा व्यवस्था को किस तरह लागू किया जाता है।

Share This Article