NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर में सरकारी स्कूल में लगातार हो रही चोरी से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। नगर थाना क्षेत्र के बनारस बैंक रोड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय महिला शिल्प कला भवन के विद्यार्थियों ने स्कूल की बेंच-डेस्क सड़क पर रखकर गोला रोड-बनारस बैंक रोड मार्ग को जाम कर दिया।

तीन दिनों में स्कूल में लगातार चोरी
छात्रों का आरोप है कि स्कूल में पिछले तीन दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पहले चोर स्कूल से पंखे और बल्ब खोलकर ले गए। इसके बाद गुरुवार को स्कूल में पीने के पानी के लिए लगा समर्सिबल मोटर भी चोरी कर लिया गया। समर्सिबल चोरी होने के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के सामने पढ़ाई के साथ-साथ पीने के पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है।
बच्चों ने पूछा- सुरक्षा नहीं तो पढ़ाई कैसे होगी?
विरोध कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्कूल में लगातार चोरी हो रही है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बच्चों ने सवाल उठाया कि जब स्कूल का सामान ही सुरक्षित नहीं है और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग रही, तो वे सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कैसे कर पाएंगे। छात्रों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर मामले को शांत कराया और चोरी की घटनाओं की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब स्कूल परिसर से चोरी हुए सामान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण स्कूल प्रबंधन और छात्र-छात्राओं में भी चिंता का माहौल है।