लौरिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार शाही बस ने छठीयार समारोह में मचाया कहर, 5 की मौत

Shreya Raj
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ और घटनास्थल की तस्वीरें।

NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा एनएच-727 पर बनकटवा स्कूल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार शाही बस ने सड़क किनारे छठीयार समारोह में डीजे के साथ आर्केस्ट्रा नाच देख रहे लोगों को रौंद दिया।

हादसे में पांच लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, बनकटवा स्कूल के पास सड़क किनारे छठीयार समारोह चल रहा था। समारोह में बड़ी संख्या में लोग डीजे और आर्केस्ट्रा नाच देखने के लिए जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए निकल गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

मृतकों में पांच लोगों के नाम शामिल

हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों की पहचान संजय महतो, बहादुर महतो, भोला दुबे, छंगूर राम और देवेंद्र दुबे के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और शोक का माहौल है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तियाज

Share This Article