NEWS PR डेस्क : दानापुर : गंगा के जलस्तर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बढ़ोतरी ने दियारा क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को दानापुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 5 इंच ऊपर पहुंच गया। नदी के उफान में आने से दियारे के निचले और तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। दर्जनों घरों में पानी घुस चुका है, जबकि सैकड़ों बीघे में लगी किसानों की फसल डूब गई है। बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोग काफी परेशान हैं।
छह पंचायतों के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में
बाढ़ का पानी दियारे की गंगहरा, हेतनपुर, पतलापुर, कासीमचक, पुरानी पानापुर, मानस और अकिलपुर पंचायतों के दर्जनों गांवों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, कई जगहों पर सड़कों पर डेढ़ से दो फुट तक पानी बह रहा है। वहीं खेतों में दो से तीन फुट तक पानी जमा है। इससे मकई और हरी सब्जियों की फसल पूरी तरह डूब गई है।
किसानों को फसल बर्बाद होने से भारी नुकसान की चिंता सताने लगी है। वहीं बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं।
आधा दर्जन स्कूलों में घुसा पानी, लटके ताले
बाढ़ का असर दियारा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों पर भी पड़ा है। करीब आधा दर्जन स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे पठन-पाठन बाधित हो गया है। कई स्कूलों में ताले लटक रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि दियारा की मुख्य सड़क पर एक से डेढ़ फुट से अधिक पानी बह रहा है। पानी में वाहन बंद हो जा रहे हैं, ऐसे में स्कूल पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। इसी वजह से शिक्षक स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि वे इस संबंध में बीईओ कार्यालय, दानापुर में लिखित आवेदन देकर स्कूलों को टैग करने की मांग करेंगे, ताकि बाढ़ की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

राहत और बचाव शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से उनके बीच राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों को डर है कि अगर गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दियारा के लोगों ने बताया कि पानी बढ़ने के कारण वे अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। कई परिवारों के सामने घर छोड़कर पलायन करने की भी समस्या है। पानी से घिरे लोग फिलहाल पलायन नहीं कर पा रहे हैं और बाढ़ के पानी के बीच मचान बनाकर अपने परिवार के साथ रात गुजारने को मजबूर हैं।
देवनानाला में 167.20 फुट दर्ज हुआ गंगा का जलस्तर
बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अनुसार, दानापुर में गंगा खतरे के निशान से 5 इंच ऊपर बह रही है। शनिवार सुबह देवनानाला में गंगा का जलस्तर 167.20 फुट रिकॉर्ड किया गया।
कनीय अभियंता ने बताया कि गंगा के जलस्तर में धीरे-धीरे वृद्धि जारी है। इलाहाबाद, बनारस और बक्सर में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में दानापुर में भी नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सोन नदी का जलस्तर फिलहाल स्थिर
अधिकारियों के अनुसार, इंद्रपुरी में सोन नदी का जलस्तर फिलहाल स्थिर है। हालांकि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दियारा क्षेत्र के लोगों की चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत और बचाव कार्य शुरू करने तथा बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
दानापुर से रिपोर्टर : पशुपतिनाथ शर्मा