NEWS PR डेस्क: मोकामा के विधायक और बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों सुर्खियों में है। शिवांगी की शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश से हो रही है, जो अमेरिका में काम करते हैं। उनके पिता रणविजय सिंह सीआरपीएफ में अधिकारी हैं। शादी से पहले दानापुर के एक रिसॉर्ट में आयोजित तिलक समारोह की भव्यता और मेहमानों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
सामने आई दूल्हे ऋषिकेश की पहली तस्वीर
तिलक समारोह से दूल्हे ऋषिकेश और होने वाली दुल्हन शिवांगी की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समारोह में अनंत सिंह के बेटे अभिषेक सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्य भी आकर्षण का केंद्र रहे। मेहमान उनके साथ सेल्फी लेते और बातचीत करते दिखाई दिए।
दूल्हे को दिया करीब 3 करोड़ की डिफेंडर का तोहफा
इस समारोह की सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से दूल्हे ऋषिकेश को दिए गए लग्जरी तोहफे की हो रही है। जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश को करीब तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी भेंट की गई। समारोह में गाड़ी की चाबी भी सौंपी गई। फूलों से सजी इस लग्जरी कार की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
तिलक में पहुंचे कई बड़े राजनीतिक चेहरे
तिलक समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की। इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले समधी रणविजय सिंह के साथ गर्मजोशी से मिलते नजर आए। दोनों परिवारों के बीच खुशी और उत्साह का माहौल दिखा। भव्य आयोजन, राजनीतिक मेहमानों की मौजूदगी और लग्जरी गिफ्ट के कारण शिवांगी और ऋषिकेश का तिलक समारोह लगातार सुर्खियां बटोर रहा है।
